शिमला में चिट्टे की सबसे बड़ी 288 ग्राम की खेप पकड़ने के मामले में कई बड़े खुलासे होने की संभावना, दबिश की तैयारी
विज्ञापन
पूछताछ में आरोपी ने उगले हैं कई राज
मुख्य सरगना भी अंबाला का रहने वाला अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी में चिट्टे का कारोबार करने वाले एक और बड़े गिरोह का शिमला पुलिस जल्द पर्दाफाश कर सकती है। शहर के टुटीकंडी आईएसबीटी में 288 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में कई बड़े खुलासे किए हैं। शहर में किस तरह नशे का कारोबार चल रहा था, इस पर पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं।
इस मामले में मुख्य सरगना की पहचान कर ली है। यह आरोपी भी अंबाला का रहने वाला है। जल्द ही इसकी गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस के अनुसार अंबाला में बैठकर आरोपी शिमला शहर में नशे का कारोबार चला रहा था। इस कारोबार में शहर के कई लोगों के संलिप्त होने का अंदेशा है। इस पूरे नेटवर्क में कौन और कितने लोग शामिल हैं, इसका पता करने के लिए पुलिस गहनता से जांच कर रही है। इसके लिए गिरफ्तार किए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मोबाइल लोकेशन और अन्य लोगों से हुई बातचीत का रिकॉर्ड भी पुलिस खंगाल रही है। शिमला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर रात आईएसबीटी में एक शख्स को 288 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी शमशाद अहमद भी अंबाला, हरियाणा का रहने वाला है। पुलिस ने बालूगंज थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इससे अब पूछताछ की जा रही है। एसएसपी गौरव सिंह का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
इस साल की सबसे बड़ी खेप पुलिस जांच में पता चला है कि चिट्टे की यह खेप अंबाला से शिमला लाई गई थी। इसे यहां अन्य लोगों को दिया जाना था। आरोपी के पास से बरामद किए गए चिट्टे की कीमत करीब पंद्रह लाख रुपये बताई जा रही है। शिमला जिले में बीते दो महीने के भीतर पुलिस कई चिट्टा सप्लायर को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें ज्यादातर के तार पंजाब और हरियाणा से जुड़े हैं। पुलिस कई मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर शिमला ला चुकी है।