फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिल्सक्वीन में वीकेंड टूरिज्म ने फिर पकड़ी रफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
शिमला। हिल्सक्वीन शिमला में वीकेंड टूरिज्म ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बीते दिनों भारी बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन के चलते शिमला में सैलानियों की संख्या घट गई थी, लेकिन अब दोबारा सैलानियों ने शिमला का रुख करना शुरू कर दिया है। शिमला में बंगाल से भी पर्यटक पहुंचने लगे हैं।
विज्ञापन

बड़ी संख्या में बंगाल के टूरिस्ट अगले माह के लिए एडवांस बुकिंग भी करवा रहे हैं। दुर्गा पूजा की छुट्टियों के दौरान हर साल बड़ी संख्या में बंगाल के टूरिस्ट शिमला का रुख करते हैं। इस वीकेंड पर भी शिमला के होटलों में ऑक्यूपेंसी 60 फीसदी तक पहुंच गई है। शनिवार के बाद रविवार को भी रिज मैदान और मालरोड पर टूरिस्टों की खूब रौनक रही। शिमला के अलावा सैलानियों ने साथ लगते पर्यटन स्थलों कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा का भी रुख किया।
शिमला में वीकेंड पर सैलानियों की आमद बढ़ने से पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं। होटलों में फिर रौनक बढ़ने लगी है। बड़ी संख्या में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश से सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। सैलानियों के आने से शहर के दुकानदार भी खुश हैं। मालरोड, लोअर बाजार और लक्कड़ बाजार में सैलानी खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। रविवार को रिज मैदान पर सैलानियों ने फोटोग्राफी और घुड़सवारी का जमकर लुत्फ उठाया। कार्ट रोड स्थित बहुमंजिला पार्किंग की अधिकतर मंजिलें रविवार शाम फुल रहीं। सर्कुलर रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट में भी सैलानियों का खूब रश रहा।
विज्ञापन

टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार गोपाल अग्रवाल ने बताया कि शिमला में वीकेंड टूरिज्म रफ्तार पकड़ने लगा है। आने वाले हफ्तों में सैलानियों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। शनिवार को शहर में 60 से 65 फीसदी ऑक्यूपेंसी थी। रविवार को भी होटलों में 50 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी रही।
बिना मास्क टहल रहे टूरिस्टों से कोरोना संक्रमण का भी खतरा
रविवार को रिज मैदान और मालरोड पर बड़ी संख्या में टूरिस्ट बिना मास्क घूमते दिखे। पुलिस की गैर मौजूदगी में शारीरिक दूरी के नियम का भी पालन नहीं किया गया। राष्ट्रपति के शिमला दौरे के चलते बड़ी संख्या में पुलिस बस शिमला में तैनात किया गया था, लेकिन रविवार दोपहर बाद कोविड नियमों का उल्लंघन करने वाले सैलानियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें