हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में शनिवार को मौसम ने करवट ली। देर शाम को 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा सहित मनाली की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। घाटी के निचले क्षेत्रों में सर्द हवाओं का दौर चलता रहा। इससे जिला कुल्लू के साथ जनजातीय जिला के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रोहतांग के अलावा मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, पतालसू पीक, देउ टिब्बा, हनुमान टिब्बा, मांगण कोट, शेतीधार, हामटा पास, चंद्रखणी पास, शेगड़ी शकेरी पीक, शलीण धार, शिरघन तुंग पर ताजा हिमपात हुआ। उधर, अधिकतम तापमान में सामान्य से चार डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। 19 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला में शनिवार को हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 24.3, बिलासपुर 23.5, हमीरपुर-सुंदरनगर 23.2, कांगड़ा 22.6, सोलन 22.5, मंडी 22.3, भुंतर 21.0, नाहन-चंबा 20.1, धर्मशाला 18.6, मनाली 15.6, शिमला 15.1, कल्पा 14.8, डलहौजी 10.4, कुफरी 10.2 और केलांग में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 5.9, कल्पा 1.4, मनाली 2.4, सोलन 5.0, भुंतर 5.1, मंडी 6.1, ऊना 6.2, डलहौजी 6.3, शिमला 6.4, धर्मशाला 7.0, चंबा 7.1, हमीरपुर 9.1, बिलासपुर 9.0 और नाहन में 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।