हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार और सोमवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी हुई है। रविवार को प्रदेश में येलो और सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने लोगों को नदी-नालों के नजदीक नहीं जाने की सलाह दी है। भूस्खलन होने की संभावना को देखते हुए सरकार को भी इस दौरान सतर्क रहने को कहा गया है। शनिवार को प्रदेश में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी भी दर्ज हुई। पूरे प्रदेश में 14 अगस्त तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
शिमला में शनिवार को दिन भर मौसम साफ रहा।
शाम के समय शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम मिलाजुला बना रहा। बादल छाए रहने के साथ कई क्षेत्रों में धूप खिली। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 37.0, भुंतर 34.8, बिलासपुर 34.0, हमीरपुर 33.8, सुंदरनगर 33.7, सोलन 32.0, कांगड़ा 31.2, चंबा 31.5, धर्मशाला 29.6, केलांग 28.1, शिमला 26.2, कल्पा 25.8 और डलहौजी 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, शुक्रवार रात को रामपुर में 50, देहरागोपीपुर में 44, खदराला में 31, मनाली में 21, बंजार में 15, नारकंडा में 14, नगरोटा सुरियां-ठियोग में 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।