हिमाचल प्रदेश में तीन से पांच फरवरी तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आ रहा है। तापमान में कमी आने से ठंड बढ़ेगी। तीन फरवरी को मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में अंधड़ चलने और बिजली गरजने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दो फरवरी को भी बर्फबारी के आसार हैं। शेष इलाकों में दो फरवरी तक मौसम साफ रहेगा।
शनिवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। शिमला में हालांकि हवाएं चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान में सामान्य से दो डिग्री की कमी दर्ज हुई। ऊना में अधिकतम तापमान 21.8, बिलासपुर 21.0, हमीरपुर-सुंदरनगर 20.4, कांगड़ा 19.5, भुंतर 19.2, सोलन 19.0, चंबा 18.6, नाहन 17.3, धर्मशाला 16.6, शिमला 11.6, कल्पा 10.0, डलहौजी 7.0 और केलांग में माइनस 0.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
न्यूनतम तापमान गिरा, सुबह-शाम बढ़ी ठंड
प्रदेश के न्यूनतम तापमान में बीते कुछ दिनों से लगातार कमी दर्ज हो रही है। सुबह और शाम के समय हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। शिमला सहित कई क्षेत्रों में सड़कों में बहने वाला पानी जमने से सुबह और शाम के समय फिसलन बढ़ गई है। शुक्रवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 11.7, कल्पा माइनस 3.2, मनाली माइनस 1.4, कुफरी माइनस 0.6, मंडी-सोलन में शून्य, सुंदरनगर-भुंतर 0.1, पालमपुर 0.7, डलहौजी 1.1, ऊना 1.4, कांगड़ा 1.9, शिमला 2.1, धर्मशाला 2.6, हमीरपुर 2.8, बिलासपुर 3.0 और नाहन में 8.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।