शिलाई पंचायत समिति अध्यक्ष अनीता देवी और उपाध्यक्ष बलवीर सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
नाहन और पच्छाद के बाद अब पंचायत समिति शिलाई पर भी भाजपा ने अपना कब्जा जमा लिया है। भाजपा ने नौ सदस्यों का समर्थन जुटाकर कांग्रेस का किला फतेह किया। जबकि कांग्रेस बीडीसी में महज छह सदस्यों पर ही सिमट गई। भाजपा की ओर से बांदली पंचायत की अनीता देवी को बीडीसी का अध्यक्ष और बलवीर सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया।
शनिवार को पंचायत समिति शिलाई के नव निर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। बीडीओ कार्यालय में एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी ने नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके पश्चात अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चयन के लिए बैठक का आयोजन किया गया। भाजपा की ओर से अनीता देवी ने अध्यक्ष और बलवीर सिंह ने उपाध्यक्ष के लिए नामांकन भरा, जबकि कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष के लिए किरणबाला और उपाध्यक्ष के लिए रमेश नेगी ने नामांकन दाखिल किए। इसके बाद मतदान प्रक्रिया शुरू हुई।
भाजपा को 9 तथा कांग्रेस को 6 मत मिले। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही पदों के लिए बराबर-बराबर मत मिलने के बाद एसडीएम ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नामों का ऐलान किया। बीडीसी के गठन दौरान बीडीओ कार्यालय परिसर में खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर मौके पर मौजूद रहे। भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनने के बाद उनका जोरदार स्वागत हुआ। भाजपाइयों ने पूरे बाजार में जोरदार नारेबाजी करते हुए विजय रैली निकाली। रैली के दौरान विधायक, बीडीसी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष खुली जीप में सवार हुए। इस दौरान लोगों ने उन्हें बधाई दी।
बलदेव तोमर ने कहा कि यह जीत मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों की जीत है। पंचायत चुनाव में जनता ने खुलकर भाजपा को समर्थन दिया है। इससे साबित होता है कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। हर वर्ग को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
नाहन -पच्छाद में पहले खिला है कमल
सिरमौर में छह पंचायत समितियां हैं। नाहन और पच्छाद बीडीसी पर पहले ही कमल खिल चुका है। अब भाजपा के कब्जे में तीन पंचायत समितियां आ गई हैं। संगड़ाह और राजगढ़ में शपथ ग्रहण समारोह हो चुके हैं लेकिन चुनाव प्रक्रिया नहीं हुई। यहां एक फरवरी को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चयन होगा। पांवटा साहिब में एक फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसी दिन समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने जाने की भी संभावना है।