हिमाचल के मैदानी क्षेत्रों में गुरुवार को भी भारी बारिश का दौर जारी रहा। शिमला में दिन भर बादल और धुंध छाई रही। मंडी जिले में धर्मपुर की डरवाड़ पंचायत के गांव छतरैणा में दो मंजिला मकान ढह गया। हमीरपुर और कांगड़ा में तीन-तीन घर, ऊना और मंडी में एक-एक घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं, प्रदेश में करीब एक दर्जन गोशालाओं को नुकसान पहुंचा है। सिरमौर जिले की गिरी नदी में पानी का जलस्तर बढ़ने के कारण डोबरी सालवाला पंचायत के गुज्जर समुदाय के तीन युवक फंस गए। पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इन्हें बचाया गया। गिरिनगर स्थित पावर हाउस में विद्युत उत्पादन ठप हो गया। गिरी नदी में जलस्तर बढ़ने से बैराज के सभी 10 गेट खोलकर बांध प्रबंधन ने अलर्ट जारी कर दिया।
कांगड़ा की पासू पंचायत में एक रिहायशी मकान की दीवार गिर गई। पालमपुर के भवारना ब्लॉक की कुरल पंचायत में मकान गिरने से मलबे में दबने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई है। भारी बारिश से प्रदेश में 124 सड़कें बंद हो गई हैं। सांगला के मलिंग नाला के पास भूस्खलन से एचएच-5 चालीस घंटे से बंद है। हाईवे पर चट्टानें और मलबा गिरने से वाहनों की आवाजाही बंद है। रिस्पा में बाढ़ आने से पुल बहने के बाद लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मूसलाधार बारिश से भरमौर-पठानकोट हाईवे सहित दर्जन भर सड़कों पर वाहनों के पहिये थमे रहे। उधर, कालका-शिमला नेशलन हाईवे पर भी चट्टानें आने से भी यातायात प्रभावित रहा।
भारी बारिश का पूर्वानुमान
शुक्रवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान है। 17 अगस्त को प्रदेश के सभी क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 19 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा। गुरुवार को जिला कांगड़ा में जमकर बारिश हुई। इस दौरान कई सड़क मार्ग बंद रहे, जबकि कई जगह रिहायशी मकान और गोशालाएं ढह गईं।
अधिकतम तापमान में गिरावट
गुरुवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी दर्ज हुई। भुंतर में अधिकतम तापमान 33.2, चंबा 32.2, कांगड़ा 31.5, सुंदरनगर 31.2, बिलासपुर 30.5, ऊना 30.4, हमीरपुर 30.2, केलांग 27.2, धर्मशाला 27.0, कल्पा 23.3, उलहौजी 22.1 और शिमला में 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
घुमारवीं में हुई सबसे अधिक बारिश
बुधवार देर रात से गुरुवार सुबह आठ बजे तक घुमारवीं में सबसे अधिक 265 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य शहरों में नयनादेवी में 148, बंगाणा 140, कसौली 94, सरकाघाट 88, नादौन 83, गुलेर 81, पालमपुर 69, अंब 66, बरठीं 64, धर्मपुर 58, धर्मशाला 55, बिलासपुर 49, हमीरपुर 44, ऊना 41, भोरंज 40, नगरोटा सूरियां 27, सुजानपुर टीहरा 26, गगल 23, बैजनाथ 22, जोगिंद्रनगर 21, शिमला 15 और मंडी में 14 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।