प्रदेश के कई क्षेत्रों में वीरवार को बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चार जनवरी से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, मंडी, चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति के कई क्षेत्रों में मौसम बिगड़ने का पूर्वानुमान है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने के आसार हैं।
प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने से न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज हुई है। सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 11.4, कल्पा में माइनस 4.8, मनाली में माइनस 3.2, सुंदरनगर में 1.1, भुंतर में 0.2, मंडी में 2.4, चंबा में 2.1, पालमपुर में 3.0, शिमला में 2.8 और ऊना में 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
उधर, मंगलवार को शिमला में अधिकतम तापमान 13.1, ऊना में 23.0, धर्मशाला में 15.2, नाहन-सोलन में 17.0, कांगड़ा में 19.4, बिलासपुर में 17.6, हमीरपुर में 18.8, चंबा में 17.9, डलहौजी में 7.4, सुंदरनगर में 20.4, भुंतर में 18.6, कल्पा में 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।