कुल्लू में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के मैदानी और मध्य पर्वतीय 10 जिलों में बुधवार को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 27 और 28 अगस्त को येलो अलर्ट रहेगा। 31 अगस्त तक पूरे प्रदेश में बारिश का पूर्वानुमान है। मंगलवार सुबह रोहतांग दर्रे के साथ लाहौल-स्पीति की ऊंचीं चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे, जबकि कुल्लू जिले में बारिश हुई। फोरलेन के काम से रामशिला व जिया के बीच सड़क दलदल में बदल गई। हमीरपुर के कई क्षेत्रों में भी भारी बारिश से जाहू में एक मकान और पशुशाला जमींदोज हो गए हैं। राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहने के साथ मौसम साफ रहा।
अगस्त में सामान्य से आठ फीसदी कम हुई बारिश
हिमाचल में अगस्त में अभी तक सामान्य से आठ फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। पहली से 25 अगस्त तक 207 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि 225 मिलीमीटर बारिश सामान्य मानी गई है। बिलासपुर, कुल्लू और ऊना जिला के अलावा अन्य सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई। एक जून से 25 अगस्त तक 20 फीसदी कम बादल बरसे हैं। इस दौरान प्रदेश में 479 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि 599 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है।
मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.0, भुंतर में 30.9, बिलासपुर 32.5, सुंदरनगर 30.5, हमीरपुर में 32.2, मंडी में 30.2, चंबा में 26.8, कांगड़ा में 27.2, केलांग में 27.4, मनाली में 27.6, सोलन में 28.5, धर्मशाला27.4, नाहन में 28.1, कल्पा में 26.0, पालमपुर में 27.0, शिमला में 22.0 और डलहौजी में 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।