राजधानी में पानी का संकट गहरा गया है। दो दिनों से शहर में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। शनिवार के बाद रविवार को भी शहर के अधिकतर क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली योजनाओं में पंपिंग न होने के कारण शहर के लिए पानी की आपूर्ति ठप हो गई है।
शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली सबसे बड़ी गिरी उठाऊ जल परियोजना में पानी की पंपिंग का काम ठप हो गया है। रविवार को बिजली गुल रहने के कारण गिरी में पपिंग का काम नहीं हो पाया। उधर, अश्वनी खड्ड परियोजना में लीकेज की मरम्मत तो कर दी गई है लेकिन रविवार को बारिश के बाद पानी में गाद की मात्रा बढ़ जाने के कारण पंपिंग का काम ठप हो गया है।
रविवार रात गिरी में बिजली आने और अश्वनी में गाद का स्तर घटने पर ही शहर को पानी मिलने की उम्मीद है। यदि पंपिंग सामान्य नहीं होती तो सोमवार को भी शहर के लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। आईपीएच के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि अश्वनी खड्ड परियोजना की पाइप लाइन की लीकेज दुरुस्त कर दी गई है।
लेकिन रविवार को हुई भारी बारिश के कारण परियोजना में गाद आने के कारण पानी की पंपिंग नहीं हो पाई है। नगर निगम अभियंता विजय गुप्ता ने बताया कि जिन क्षेत्रों में रविवार को पानी की सप्लाई नहीं हुई है यदि पानी आता है तो वहां सोमवार को पानी देने का प्रयास किया जाएगा।