मैहली के शकराला क्षेत्र में लोग पानी की समस्या झेल रहे हैं। पिछले पांच, छह दिनों से लोगों के नलों में पानी नहीं आ रहा है। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय जोगेंद्र सिंह नेगी, राकेश कुमार, संजय शर्मा का कहना है कि इस समस्या के बारे में विभाग को कई बार सूचित किया गया पर कोई समाधान नहीं हुआ।
पानी की समस्या का सबसे ज्यादा प्रभाव स्कूल जाने वाले बच्चों तथा ऑफिस जाने वाले लोगों पर पड़ता है। गिरधारी लाल शर्मा, शिव कुमार ने कहा कि पानी की समस्या के कारण, यहां-वहां से पानी भरना पड़ता है, जिसके कारण ऑफिस पहुंचने में भी देर हो जाती है।
अनूप ठाकुर, दिवान चंद का कहना है कि जब विभाग को पानी की समस्या के बारे में बताया गया तो कर्मचारियों का कहना था कि पाइप टूटने के कारण यह समस्या आ रही है, पर पाइप ठीक कब होगी इस बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की समस्या को दूर किया जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से छुटकारा मिल जाए।
मौके पर भेजी जाएगी टीम: निगम अभियंता
नगर निगम अभियंता विजय गुप्ता ने कहा कि सोमवार को टीम मौके पर भेज कर समस्या के कारणों का पता लगा कर समाधान किया जाएगा। लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने का प्रयास करेंगे।