हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सभी पांचों जोन में तय शेड्यूल के अनुसार दिया गया पानी प्रेशर कम होने से नहीं भर पाई पानी की टंकियां
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। प्रदेश हाईकोर्ट की सख्ती के बाद राजधानी के ज्यादातर इलाकों में तीसरे दिन पानी की सप्लाई शुरू हो गई है लेकिन कई इलाकों में प्रेशर न बनने से लोगों की टंकियां नहीं भर पा रही हैं।
शहर के टुटू, चौड़ा मैदान, मालरोड, संजौली के कई इलाकों में कम प्रेशर से पानी मिलने की शिकायतें मिली हैं। हालांकि राहत यह है कि कंपनी ने शहर में एक दिन छोड़कर पानी देना शुरू कर दिया है। बुधवार को सभी पेयजल परियोजनाओं से शिमला शहर को 39.77 एमएलडी पानी मिला है। यह मंगलवार से करीब डेढ़ एमएलडी कम रहा। शहर के संजौली, छोटा शिमला जोन में दोपहर तक पानी की सप्लाई दी गई जबकि सेंट्रल जोन और चौड़ा मैदान जोन में भी शाम तक तय शेड्यूल के अनुसार पानी दिया गया है। कई क्षेत्रों में देरी से पानी मिला है।
कैथू में मंगलवार रात 10:00 बजे पानी दिया गया। बुधवार को चक्कर, टुटीकंडी और समरहिल में भी देरी से सप्लाई मिली है। पेयजल कंपनी ने पानी के शेड्यूल में बदलाव करने का भी फैसला लिया है। एजीएम ने इसका प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। वीरवार को इसे जारी किया जाएगा। पहले तय शेड्यूल में हल्का बदलाव किया जा रहा है। लोगों को ज्यादा देर तक पानी मिले, इसके लिए भी टैंकों में लेवल बनाने के निर्देश दिए हैं।
कैथू जेल, पोर्टमोर स्कूल को भेजे टैंकर
तीसरे दिन पानी की सप्लाई होने के बावजूद कैथू जेल और पोर्टमोर स्कूल के लिए बुधवार को पानी के टैंकर भेजने पड़े। इसके बाद यहां पीने लायक पानी उपलब्ध हुआ। कंपनी ने शाम 6:00 बजे तक कुल 28 टैंकरों से सप्लाई भेजी है। ज्यादातर टैंकर शौचालयों के लिए भेजे हैं।
दोबारा बना रहे सप्लाई का शेड्यूल : जीएम
शहर में पानी की सप्लाई का नया शेड्यूल तैयार किया जाएगा। इसमें हर इलाके में एक दिन छोड़कर यानि तीसरे दिन पानी की सप्लाई देने का प्रयास रहेगा। वीरवार को इसे जारी कर दिया जाएगा।
-आरके वर्मा, जीएम पेयजल कंपनी