गुम्मा परियोजना से ठप रही पंपिंग, शाम चार बजे मरम्मत के बाद शुरू हुई पंपिंग
शिमला। शहर की सबसे बड़ी पेयजल परियोजना गुम्मा का पाइप टूटने से मंगलवार को कई इलाकों में सप्लाई नहीं दी गई। पाइप की मरम्मत के चलते शाम चार बजे तक पंपिंग प्रभावित रही। हालांकि इसके बावजूद गुम्मा में तीन पंप चलाए गए। शाम चार बजे के बाद सभी छह पंप चला दिए हैं।
यह पेयजल लाइन सोमवार शाम टूट गई थी। मंगलवार को दिन के समय गुम्मा से कम सप्लाई मिलने के कारण सेंट्रल जोन के सब्जी मंडी, लिफ्ट, कनलोग, यूएस क्लब, मालरोड पर कुछेक जगहों पर देर शाम तक पानी नहीं दिया जा सका। कंगनाधार में भी पेयजल सप्लाई बाधित रही। वहीं चौड़ा मैदान जोन के घोड़ा चौकी, चक्कर और कैथू क्षेत्र में भी देर शाम तक पानी नहीं दिया गया।
सुबह के समय कई इलाकों में पानी तो दिया लेकिन कम समय तक मिला। पेयजल कंपनी ने क्रेगनैनो स्टोरेज टैंक से करीब तीन एमएलडी पानी शहर को दिया है। इसके चलते छोटा शिमला और संजौली जोन के सभी इलाकों में पानी की सप्लाई दी है। सभी परियोजनाओं से शहर को 39 एमएलडी पानी मिला है जो सामान्य से करीब छह एमएलडी कम है। पेयजल कंपनी का कहना है कि जिन इलाकों में मंगलवार को पानी नहीं आया है, वहां बुधवार को सप्लाई दी जाएगी।