बॉयज वर्ग में विंटेज इलेवन ने एमटीटीएम ए को हराकर जीता खिताब, रस्साकशी में दीपिका की टीम जीती
विज्ञापन
कैरम प्रतियोगिता में सौरभ और नंदेश की टीम जीती
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के समरहिल खेल मैदान में चल रही टूरिज्म प्रीमियर लीग में शनिवार को रोमांचक मुकाबले खेले गए। इसमें महिला वर्ग में शिमला वाॅरियर्स ने कवर ड्राइव क्वीन को हराकर प्रतियोगिता में क्रिकेट स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया।
बॉयज वर्ग में विंटेज इलेवन ने एमटीटीएम ए टीम को हराकर ट्रॉफी जीती। इसके अलावा प्रतियोगिता की गर्ल्स की रस्साकशी स्पर्धा में दीपिका की टीम ने मीनाक्षी की टीम को हराकर स्पर्धा का खिताब जीता। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में दूसरे दिन क्रिकेट, कैरम के मुकाबले खेल गए। शनिवार को दिनभर विभिन्न खेलों की स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। बॉयज की रस्साकशी प्रतियोगिता में फाला टीम ने स्कॉलर्स टीम को हराकर मुकाबला अपने नाम किया।
विज्ञापन
क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में विंटेज इलेवन ने एमटीटीएम तृतीय वर्ष ए की टीम को 56 रन से हराकर क्रिकेट ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं गर्ल्स वर्ग में शिमला वाॅरियर ने कवर ड्राइव क्वीन को 40 रनों से हराकर खिताब जीता। इसमें खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा और विद्यार्थियों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इसी तरह चेस प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने बेहतरीन रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में रजत ने विकेश को हराकर चेस का खिताब अपने नाम किया।
कैरम प्रतियोगिता में सौरभ और नंदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया। वहीं डॉ. विनीत और पीयूष की टीम उपविजेता रही। कैरम के मुकाबले में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। आईटीएचएम की ओर से आयोजित इन खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को अकादमिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलों से जोड़ना तथा उनमें टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुणों का विकास करना है। खेलकूद प्रतियोगिता का समापन 21 सितंबर को होगा।