हिमाचल के कांगड़ा जिले के उपमंडल फतेहपुर की पंचायत गोलवां के वार्ड नंबर चार के 23 वर्षीय युवक शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो चुका है। शनिवार को डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा खुद टीम के साथ गोलवां पहुंचे। उन्होंने गोलवां पंचायत का जायजा लिया। प्रशासन ने शनिवार को रोड मैप तैयार करके गोलवां पंचायत के वार्ड चार को कंटेनमेंट जोन में डाल दिया, जबकि सथेरा का वार्ड नंबर 5, गोलवां- 2 का वार्ड नंबर तीन, बलेहड़-1, बलेहड़-2, गांव कोठी, टिक्कर, बड़ी बतराहण पंचायत का गांव चमोली व हटपंग पंचायत का सकरी बफर जोन में डाले गए हैं।
इससे पहले शुक्रवार देर रात लगभग ग्यारह बजे गोलवां पंचायत के वार्ड चार के युवक को एंबुलेंस से बैजनाथ भेजा गया था। युवक और उसके पिता दिल्ली नंबर की टैक्सी से आठ मई को लेकर गोलवां पहुंचे थे। टैक्सी चालक उसी दिन वापस दिल्ली चला गया था, जबकि युवक व उसके पिता होम क्वारंटीन में थे। इसी दौरान वीरवार को युवक में कोरोना से संबंधित लक्षण महसूस होने पर सैंपल लिया गया, जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने बताया कि स्थिति का जायजा लेने के बाद गोलवां पंचायत क्षेत्र के गोलवां पंचायत के चांदनी चौक, बलेहड़- 1, बलेहड़-2 कोठी, टिक्कर, चमोली, सथेरा, ठाकुरद्वारा, पदेहड़, हटपंग, राधा स्वामी सत्संग घर, रैहन पदेहड़ रोड पर आवाजाही पूर्णत: बंद कर दी गई है, जबकि साथ लगते गांवों की सीमाओं पर नाकाबंदी कर दी गई है। डीएसपी ने बताया कि इन पंचायतों के गांव व वार्ड के लोगों को अब घरों से बाहर आने की पूर्ण रूप से रोक होगी। एसडीएम फतेहपुर बलवान चंद ने बताया कि पंचायत गोलवां के क्षेत्र, ग्राम पंचायत बड़ी-वतराहन के कुछ गांव व हटपंग पंचायत के सकरी गांव में जरूरी सामान की होम डिलीवरी होगी। सब्जी की सप्लाई के लिए गाड़ियों का इंतजाम कर लिया गया है।