शिमला। राजधानी शिमला के लिफ्ट के समीप कार्ट रोड को चौड़ा करने के लिए मशीन से की जा रही खोदाई से आजीविका भवन के नवनिर्मित भवन परिसर से बनी सीढ़ियों और रास्ते को सुरक्षित करने के लिए लोक निर्माण विभाग दीवार लगा रहा है। इसका कार्य शुरू कर दिया गया है। इसमें सरिये का इस्तेमाल भी किया जा रहा है, जिससे दीवार मजबूत और टिकाऊ बने वहीं भूस्खलन का खतरा न रहे।
विज्ञापन
लोक निर्माण विभाग कार्ट रोड पर लिफ्ट के पास बन रहे डबल लेन पुल को जोड़ने वाली सड़क को चौड़ा करने का कार्य करवा रहा है। इसमें कांग्रेस कार्यालय के ठीक सामने मशीन से पहाड़ी की कटिंग कर इसे रॉक बोल्ट तकनीक से मजबूत किया जा रहा है। इससे कटिंग के दौरान आजीविका भवन परिसर से सब्जी मंडी की ओर जा रहे रास्ते में भूस्खलन का खतरा पैदा हो गया था। अब लोक निर्माण विभाग और इस रास्ते और सीढ़ियों को सुरक्षित करने के लिए आरसीसी की मजबूत दीवार का निर्माण कार्य करवा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण वर्मा ने कहा कि दीवार लगाने के साथ रॉक बोल्ट तकनीक से पहाड़ी को मजबूत बनाया जा रहा है। कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। ब्यूरो