चुनाव में पारदर्शिता को लेकर चुनाव आयोग कितना गंभीर है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महज एक वोट का मिलान न होने पर भी दिल्ली से चुनाव आयोग के अधिकारियों की एक टीम नाहन कॉलेज पहुंची। ईवीएम मतगणना के बाद से नाहन पीजी कॉलेज में ही रखी गई हैं।
दिल्ली से आई टीम में आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही ईवीएम के इंजीनियर भी शामिल थे। मशीन की जांच के लिए श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के तहत संगड़ाह के एसडीएम, संबंधित मतदान केंद्र की पूरी पोलिंग पार्टी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बुलाया गया था।
कॉलेज में दिन भर मशीन की जांच की गई। ईवीएम मशीन से जुड़े कंट्रोल पैनल के मतों का वीवीपैट की पर्ची से मिलान न होने पर चुनाव आयोग ने यह संज्ञान लिया है। हालांकि, अभी भी यह जांच का विषय है कि आखिर एक वोट की मिस मैचिंग क्यों हो रही है?
लोकसभा चुनाव में रेणुका विधानसभा के एक बूथ पर एक वोट की मिस मैचिंग है। जांच के लिए दिल्ली से चुनाव आयोग की टीम आई है। पूरे देश में आठ पोलिंग बूथों पर वीवीपैट और ईवीएम के मतों का मिलान नहीं हुआ है। इनमें रेणुका विधानसभा क्षेत्र का भी एक बूथ शामिल है। -डॉ. आरके परुथी, डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, सिरमौर