शिमला से दिल्ली पहुंचना होगा आसान, एचपी टूरिज्म कारपोरेशन ने शुरू की वोल्वो बस सेवा
एक हजार रुपये किराया, रात 8:30 बजे विक्ट्री टनल से बस होगी रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर से देश की राजधानी दिल्ली पहुंचना लोगों के लिए सुरक्षित और आसान होगा। हिमाचल प्रदेश टूरिज्म डवेलपमेंट काॅर्पोरेशन ने पर्यटकों के लिए वोल्वो बस सेवा शुरू कर दी है। यात्री एक हजार रुपये किराया देकर दिल्ली पहुंच सकते हैं। यह वोल्वो विक्ट्री टनल से रात 8:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। 16 मई से एक दिन छोड़कर रूटीन में पर्यटन सीजन में चलाई जाएगी।
राजधानी शिमला से दिल्ली के लिए सैकड़ों यात्री सफर करते हैं। यात्रियाें की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब हिमाचल प्रदेश टूरिज्म डवेलपमेंट काॅर्पोरेशन ने वोल्वो बस चलाने का निर्णय लिया है। रविवार को शिमला से दिल्ली के लिए वोल्वो रवाना की गई है। आने वाले दिनों में एक दिन छोड़कर बस चलाई जाएगी। रविवार को यह बस रात 8:30 बजे विक्ट्री टनल शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हुई। यह बस अब 15 मई को दिल्ली से शिमला आएगी और इसके बाद आने वाले दिनों में एक दिन छोड़कर यह बस चलाई जाएगी। फोन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से सीट बुकिंग की व्यवस्था उपलब्ध है।
शहर में धड़ल्ले से चल रहीं निजी वोल्वो बसें
एचपीटीडीसी की ओर से वोल्वो बस तो चलाई गई है, लेकिन दूसरी ओर बड़ी-बड़ी निजी बसें भी दिल्ली से शिमला आ रही हैं। इस वजह से एचआरटीसी समेत अन्य विशेष बसों में सवारियां कम ही देखने को मिल रही हैं। बताया जा रहा है कि बाहरी राज्यों से जो बसें आती है वह काफी कम किराये में सवारियां ले जाती हैं। इस वजह से सरकारी बसों में कम लोग सफर करते हैं। निजी वोल्वो बसे रोजाना रात के समय क्राॅसिंग के पास खड़ी रहती हैं।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुरू की सुविधा
पर्यटन को बढ़ावा व लोगों को आरामदायक सुविधा के लिए वोल्वो बस सेवा शुरू की है। एक हजार रुपये किराया निर्धारित किया गया है। यह बस विक्ट्री टनल से हिमाचल भवन तक जाएगी।
- दीप राम, ट्रांसपोर्ट इंचार्ज, एचपीटीडीसी
0