वोकेशनल कोर्सेज में विद्यार्थियों की बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए सरकार ने अगले शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों में वोकेशनल डिग्री शुरू करने का फैसला लिया है। कॉलेजों में कुल 40 वोकेशनल कोर्स शुरू होने हैं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर, बागवानी विश्वविद्यालय नौणी और तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के तहत ये डिग्री करवाई जाएगी।
इसके लिए एशियन डेवलेपमेंट बैंक हिमाचल सरकार को 56 करोड़ की आर्र्थिक मदद भी देगा। मंगलवार को राजधानी शिमला में उच्च शिक्षा में बदलाव लाने के लिए आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में इसका खुलासा हुआ है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नवीं से लेकर जमा दो कक्षा तक वोकेशनल कोर्स शुरू किए गए हैं।
इसी तर्ज पर अब कॉलेजों में बीए, बीएससी और बीकॉम की तरह बीवॉक डिग्री भी विद्यार्थी कर सकेंगे। मंगलवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त डॉ. श्रीकांत बाल्दी, उच्च शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी और रूसा निदेशालय के निदेशक डॉ. अमरदेव की मौजूदगी में उच्च शिक्षा में बदलाव लाने के लिए आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान कॉलेजों में वोकेशनल डिग्री शुरू करने की योजना का खुलासा किया गया।
मंगलवार को शिमला के होटल ट्रिपल एच में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में कॉलेज और विश्वविद्यालय के शिक्षकों के बीच आपसी सामंजस्य बढ़ाने, रूसा की दिक्कतों को दूर करने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान कई शोधार्थियों ने अपने शोध पत्र भी पढ़े।