हिमाचल प्रदेश में होने वाले मंडी संसदीय सीट सहित फतेहपुर, जुब्बल कोटखाई और अर्की विधानसभा के उपचुनावों में उतारे जाने वाले संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर वीरवार को नई दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला और प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर के बीच लंबी गुफ्तगू हुई। राठौर ने शुक्ला के आवास पर मुलाकात की। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के देहांत के बाद पहली बार दिल्ली गए राठौर ने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के पास भी हाजिरी भरी।
शुक्रवार को जासूसी प्रकरण के खिलाफ राजभवन शिमला के बाहर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राठौर दिल्ली से लौट भी आए हैं।
राठौर ने शुक्ला से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के देहांत के बाद बदले समीकरणों को लेकर भी चर्चा की है। पार्टी को आगामी वर्ष में होेने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत और एकजुट करने पर भी बातचीत की गई। शुक्ला ने राठौर को कई जरूरी दिशा निर्देश भी दिए हैं। राठौर ने बताया कि कोरोना संकट के चलते दिल्ली का दौरा नहीं हो सका था। ऐसे में अब हालात कुछ ठीक होने पर वह दिल्ली गए थे और पार्टी के कई नेताओं से मिले हैं।