सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार ने कोठीपुरा में 80 फीसदी जमीन एम्स के नाम करा दी है। 20 फीसदी जमीन वन विभाग की है, जिसकी फाइल केंद्र को भेज दी है। अब अगर केंद्र चाहे तो वन विभाग से आधे घंटे में 20 फीसदी जमीन का एनओसी ले सकता है।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने अपना पूरा काम कर दिया है। अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ही बता सकते हैं कि वह कब इसका शिलान्यास करवाएंगे और कब काम शुरू होगा। सीएम मंगलवार को नम्होल में अनौपचारिक बातचीत के दौरान बोले रहे थे।
उन्होंने कहा कि जैसे ही केंद्र से सूबे को एम्स देने की बात हुई तो सरकार ने बिना देरी किए बिलासपुर में जमीन देने का फैसला किया। इसके बाद कोठीपुरा में जमीन भी दे दी गई। लेकिन केंद्र अभी तक शिलान्यास तक नहीं कर पाया। केंद्र अपनी नाकामी को छिपाने के लिए प्रदेश सरकार पर लांछन लगा रहा है जबकि प्रदेश सरकार ने तो अपना काम पूरा कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि बिलासपुर के कोठीपुरा में करीब 1250 बीघा जमीन पर एम्स का निर्माण होना है जिसमें 420 बीघा जमीन का वन विभाग से एनओसी लेना शेष है। कहा यह भी जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में एम्स का लाभ मिल सके इसलिए केंद्र की ओर से शिलान्यास में देरी की जा रही है।