हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह व अन्य के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में सुनवाई 26 अक्तूबर के लिए टल गई। न्यायमूर्ति विपिन सांघी के समक्ष सोमवार को मामले की सुनवाई थी, लेकिन अदालत ने सुनवाई अगली तारीख तय कर दी।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री की तरफ से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा था कि सीबीआई ने इस मामले में संघीय ढांचे का उल्लंघन किया है। सीबीआई ने एफआईआर दर्ज करने से पहले किसी सक्षम प्राधिकारी से अनुमति नहीं ली।
जांच एजेंसी ने मुख्यमंत्री के खिलाफ बिना किसी से अनुमति के ही केस दर्ज किया है। सीबीआई राजनीति से प्रेरित होकर उनके खिलाफ जांच कर रही है। सीबीआई ने वीरभद्र उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह व अन्य पर आय से अधिक व भ्रष्टाचार की धाराओं में मामला दर्ज किया है, जिसे हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। वहीं, सीबीआई मामले में आरोपपत्र दायर करने की अनुमति मांग रही है।