वीरभद्र सिंह और पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स में करीब दो दशक तक तनातनी के बाद उनमें सुलह करवाने में अहम भूमिका निभाने वाले स्टोक्स के पूर्व निजी सचिव एवं ओएसडी रहे ठियोग के आत्मा राम ने शिमला की आरक्षित सीट से आवेदन किया है।
उनके आवेदन के साथ स्टोक्स का संस्तुति पत्र भी संलग्न है। रविवार को सोलन से कांग्रेस विधायक व पूर्व सांसद धनीराम शांडिल, मेघ राज धांगटा और रोहड़ू पंचायत समिति के पूर्व अध्यक्ष सोहन लाल ने भी कांग्रेस टिकट के लिए आवेदन किया। पूर्व मंत्री गंगू राम मुसाफिर और पूर्व विधायक सोहन लाल भी आवेदन कर चुके हैं।
हमीरपुर से सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल धर्मेंद्र सिंह पटियाल और कांग्रेस महासचिव सुनील शर्मा ने आवेदन किया है। कांगड़ा जिला परिषद उपाध्यक्ष विशाल चंबयाल, मंडी क्षेत्र से दीपक शर्मा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, केश नाइक, संजीव गुलेरिया और केवल कुमार ने टिकट को आवेदन किया है। शिमला से कुल 15, हमीरपुर से 11, कांगड़ा और मंडी से सात-सात नेताओं ने आवेदन किया है।
प्रदेश कांग्रेस के खाते में गए 2.2 करोड़
चारों सीटों से अभी तक 40 आवेदन आए हैं। सिर्फ चार को पार्टी से टिकट मिलना है। शिमला सीट से आवेदन करने वालों से 35 हजार और अन्य सीटों से आवेदन को 50 हजार की राशि मांगी गई है। इनमें से कई नेताओं को टिकट नहीं मिलेगा, लेकिन इतना जरूर है कि पार्टी के खाते में कुल 2.2 करोड़ से अधिक की राशि जमा हो गई है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि चुनाव समिति की सोमवार को बैठक में तय होगा कि चारों सीटों के लिए किन दावेदारों के नाम पैनल बनाकर हाईकमान को भेजे जाने हैं। पार्टी टिकट किसे दिया जाएगा, यह हाईकमान ही तय करेगा। कांग्रेस के बडे़ नेताओं के टिकट के लिए आवेदन न करने पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की।