प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी सेवाएं महासंघ की राज्य कार्यकारिणी के चुनाव किसान भवन बिलासपुर में 21 जुलाई को होंगे। चुनाव विधिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए महासंघ पूर्व अध्यक्ष प्रेम सिंह भरमौरिया को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
पूर्व महासचिव हेमराज शर्मा सह पर्यवेक्षक होंगे। महासंघ के संयोजक विनोद कुमार ने कहा कि मुख्य सचिव बीके अग्रवाल से भी आग्रह किया है कि 21 जुलाई को होने वाले महासंघ राज्य कार्यकारिणी के चुनाव के लिए सरकार भी अपना पर्यवेक्षक नियुक्त कर भेजे।
अधिसूचना के अनुसार महासंघ के राज्य कार्यकारिणी के चुनाव करवाने के लिए अश्वनी कुमार भट्ट रक्कड़, कांगड़ा को चुनाव अधिकारी और एलएन बोध धर्मशाला को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है।
सभी जिलाध्यक्षों, महासचिवों और विभागीय इकाइयों को सूचित किया गया है। हर जिले से 12 से 15 डेलीगेट और विभागीय इकाइयों से 2 से 3 डेलिगेट की प्रविष्टियां सुबह 9.30 बजे से ली जाएंगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव अधिसूचना की प्रति मुख्यसचिव बीके अग्रवाल को भी भेजी गई है। सभी जिलाध्यक्षों, महासचिवों और विभागीय इकाइयों के अध्यक्षों और महासचिवों को भी प्रतियां भेजी गई हैं।