शिमला जिले के ठियोग विधानसभा क्षेत्र में टैंकरों से पानी की आपूर्ति में हुए लाखों के गड़बड़झाले में चालान पेश करने की तैयारी है। विजिलेंस ने इसके लिए विभाग से प्रशासनिक मंजूरी मांगी है। विजिलेंस ने इस मामले में 7 कर्मचारियों, जूनियर इंजीनियर और ठेकेदारों को आरोपी बनाया है। बताया जा रहा है कि इनमें तीन ठेकेदार और पांच इंजीनियर व कर्मचारी हैं। विजिलेंस ने इस मामले में इसी साल 3 फरवरी को मामला दर्ज किया था। प्रदेश सरकार ने इस मामले में जलशक्ति विभाग के करीब 10 इंजीनियरों को निलंबित किया था। हालांकि, बाद में इनका निलंबन बहाल कर दिया गया। कई इंजीनियरों को इधर से उधर किया गया है। आने वाले दिनों में इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो सकती हैं।