- प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में दंत चिकित्सकों के 295 पद स्वीकृत, 223 पर तैनाती
- एमडीएस-एसआर कोर्स और प्रतिनियुक्ति के चलते 49 पद रिक्त दर्शाए
विभाग के अनुसार वास्तविक रिक्त पदों की संख्या महज 23
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में दंत चिकित्सकों के 72 पद रिक्त चल रहे हैं। हालांकि, इनमें से 49 पदों के विरुद्ध चयनित डॉक्टर एमडीएस (मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी) और एसआर (सीनियर रेजिडेंसी) कोर्स कर रहे हैं या फिर प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश में दंत चिकित्सकों के वास्तविक रिक्त पदों की संख्या केवल 23 है।
स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने यह जानकारी
शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया की ओर से पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और नागरिक अस्पतालों में दंत चिकित्सकों के कुल 295 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 223 पदों पर डॉक्टर तैनात हैं, जबकि 72 पद रिक्त दर्शाए गए हैं।
कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में दंत चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरना निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। विभाग की ओर से भर्ती के माध्यम से रिक्त पदों को भरने की कार्रवाई समय-समय पर की जाती है।