हिमाचल की सर्पीली सड़कें शनिवार से चौथी यूटी माउंटेन बाइक साइकिल रैली की गवाह बनेंगी। दो दिन की रैली में देश के 11 राज्यों से साइकिलिस्ट दमखम दिखाएंगे। हिमालय एडवेंचर स्पोर्ट्स टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन तथा हीरो साइकिल के इस रोमांचकारी आयोजन में 70 साइकिलिस्ट भाग ले रहे हैं।
पिछले साल के ओवरऑल विजेता 21 साल के देवेंद्र ठाकुर तथा शिमला के 15 वर्षीय शिवेन शामिल हैं। सबसे कम आयु के राइडर शिमला के ही अक्षित चौहान हैं। खास बात यह है कि इस रैली में हिमाचल से 12 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। अकेले शिमला से ही 9 राइडर्स हैं। आठ विदेशी राइडर्स भी अपनी किस्मत आजमाएंगे। अधिकांश राइडर्स 18 से तीस साल की आयु के हैं।
यहां-यहां से गुजरेगी रैली
रैली शनिवार सुबह 8:30 बजे शिमला के होटल होलीडे होम से रवाना होगी। कुल 130 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए कही-कहीं साइकिलिस्ट तीन हजार मीटर तीखी चढ़ाई वाले रास्तों में चढ़ेंगे। रैली में सबसे ऊंचे रास्ते की समुद्र तल से अधिकतम ऊंचाई 2250 मीटर और निम्नतम 1150 मीटर रहेगी।
हिमालय एडवेंचर स्पोर्ट्स टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन (हस्तपा) हीरो साइकिल के साथ मिलकर तीन बार रैली करवा चुका है। हस्तपा के पदाधिकारी तथा मीडिया संयोजक आशीष सूद के अनुसार होटल होलीडे होम से शुरू होकर यह रैली साधुपुल, आनंदपुर, डोगलानाला, जुन्गा, जनेडघाट से गुजरेगी। दूसरे दिन चायल पैलेस से शुरू होकर वापिस जनेड़घाट, साधुपुल, शोघी, तारादेवी से होकर होटल होलीडे होम में तीन बजे खत्म होगी।