उड़ी सेक्टर में बीते 18 सितंबर को आर्मी कैंप पर आतंकी हमले में घायल हुए हिमाचल के ऊना के भद्रकाली निवासी हवलदार मंजीत सिंह रविवार को अपने घर सकुशल लौट आए हैं। मंजीत ने बताया कि आतंकी हमले से कुछ समय पहले ही वह अपने साथियों सहित ड्यूटी से कैंप में लौटे थे।
अचानक हुए हमले में वह जख्मी हो गए और इलाज के बाद सकुशल घर लौटे हैं। मंजीत ने बताया कि उनका मन उस समय हल्का हुआ, जब भारतीय सेना के पैरा कमांडो ने 29 सितंबर को पीओके सीमा के अंदर घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक कर दर्जनों आतंकियों को मार गिराया। अब जाकर उनके दिल को सुकून मिला है।
उधर, मंजीत के घर लौटते ही गांव में जश्न का माहौल है। मंजीत से मिलने के लिए रिश्तेदारों और लोगों का तांता लगा हुआ है। पत्नी अंजना देवी, बेटी तान्या, बेटा अरमान, पिता कैप्टन फतेह सिंह, ससुर श्रवण सिंह मंजीत के लौटने से बेहद खुश हैं और भगवान का शुक्रिया अदा कर रहे हैं।
मंजीत ने बताया कि पत्नी से पता चला कि उनके घायल होने पर मीडिया और लोगों का प्यार एवं दुआएं मिलीं जिस वजह से वह जल्दी ठीक हो पाए। उन्होंने इसके लिए सभी का धन्यवाद किया।