शहर के लोअर बाजार और मिडिल बाजार से तहबाजारी हटाने के लिए नगर निगम ने पुलिस बल के साथ चलाया अभियान
विज्ञापन
कार्रवाई का तहबाजारियों ने किया विरोध
बोले-गरीबों को उजाड़ रहा है नगर निगम
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के लोअर और मिडिल बाजार से तहबाजारियों को हटाने के आदेशों के खिलाफ सोमवार को खूब हंगामा हुआ। इन बाजारों के सभी तहबाजारी दुकानें बंद कर दोपहर सुबह 11:30 बजे सीटीओ पहुंच गए। यहां चर्चा के बाद सभी नगर निगम आयुक्त कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई का विरोध किया।
आयुक्त भूपेंद्र अत्री से कार्रवाई रोकने की मांग की, बात नहीं बनी तो घेराव कर दिया। आयुक्त ने कहा यह कोर्ट के आदेश हैं। तहबाजारी बोले कि पहले भी बाजारों में वेडिंग जोन बनाए थे, अब हमें क्यों हटाया जा रहा है। विरोध बढ़ता देख आयुक्त कार्यालय से बाहर आ गए। तहबाजारी 12:20 बजे सीटीओ चौक पहुंच गए। यहां आयुक्त, पुलिस अधीक्षक और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। नगर निगम की टीम कार्रवाई के लिए 12:40 बजे पुलिस बल के साथ सीटीओ चौक पर पहुंची। 12:50 बजे जैसे ही बाजार की ओर टीम रवाना हुई तो प्रदर्शन कर रहे तहबाजारी सड़क पर बैठ गए। तहबाजारियों ने कहा कि नगर निगम गरीबों को उजाड़ रहा है।
विज्ञापन
पुलिस ने इन्हें हटने के लिए कहा लेकिन तहबाजारी नहीं माने। 1:10 बजे पुलिस जवानों ने सड़क पर बैठे तहबाजारियों को जबरन हटा दिया। इसके बाद बाजार में आगे-आगे निगम टीम कार्रवाई करती रही तो पीछे तहबाजारी नारेबाजी करते रहे। निगम टीम ने दुकानदारों को सड़क पर सामान न सजाने की चेतावनी दी। कई दुकानदारों का सामान दुकान के अंदर करवाया। तिरपाल भी हटवाए गए। अधिकारियों ने कहा कि निकास नालियों पर यदि सामान सजाया तो इसे जब्त किया जाएगा।
अवैध निर्माण तोड़ने के आदेश, 10 दुकानदारों का सामान जब्त दोपहर 1:40 बजे तक नगर निगम टीम लोअर बाजार में डटी रही। टीम ने आधा दर्जन दुकानदारों को नाली के ऊपर किए निर्माण को हटाने के निर्देश दिए, कहा कि यदि इसे खुद नहीं तोड़ा तो निगम तोड़ देगा। इस दौरान कई दुकानदारों से बहसबाजी भी हुई। हालांकि पुलिस जवानों के साथ होने से विवाद ज्यादा नहीं बढ़ा। नाज चौक पर पहुंचने के बाद निगम टीम ने मालरोड पर भी निरीक्षण किया। नाज चौक के पास एक दुकानदार ने मालरोड पर ही सामान सजा रखा था। इसे जब्त किया गया। टीम ने इस 10 दुकानदारों का सामान जब्त किया। नगर निगम के अनुसार लोअर बाजार से एक, मालरोड पर एक, लक्कड़ बाजार से पांच जबकि आईजीएमसी के पास बैठे तीन तहबाजारियों का सामान जब्त किया है। नगर निगम के अनुसार मंगलवार को फिर से कार्रवाई होगी। तहबाजारी सड़क पर नहीं बैठने दिए जाएंगे।
10 मिनट बाद फिर सड़क पर सज गई दुकानें नगर निगम की कार्रवाई का असर करीब दस मिनट तक रहा। टीम के जाते ही दुकानदारों ने फिर सड़क पर दुकानें सजा दीं। तहबाजारी भी नालियों और दुकानों के आगे सामान सजाकर बैठ गए। हालांकि, कार्रवाई के डर से सोमवार को कम ही तहबाजारी बाजार पहुंचे थे। इन्हें सुबह के समय निगम की कार्रवाई के खिलाफ दुकानें बंद रखीं। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने कहा कि लोअर बाजार और मिडिल बाजार से सभी तहबाजारी शिफ्ट होने हैं। इन्हें दुकानों के लिए जगह दी है। कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी।
तानाशाही कर रहा नगर निगम
नगर निगम सिर्फ लोअर बाजार में कार्रवाई कर रहा है। रामबाजार में तहबाजारियों को छह फीट की जगह दी है। पहले जो भी आयुक्त थे, उन्होंने बाजार में सर्वे करवाया। वेडिंग जोन के लिए लाइनें लगाई थी। वर्तमान आयुक्त ने भी पहले कई बैठकें की, सर्वे करवाए लेकिन अब उजाड़ रहे हैं। आजीविका भवन में जो दुकानें दी हैं, वहां ग्राहक नहीं आते। तहबाजारी तीन दिन तक दुकानें बंद रखेंगे। हम शिफ्ट नहीं होंगे। -पवन शर्मा, अध्यक्ष, तहबाजारी यूनियन शिमला