जिला सोलन के ऐतिहासिक ठोडो ग्राउंड में शुरू हुई हिम गोल्ड महिला हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे दिन के यूपी इलेवन ने पाकिस्तान को 8-0 से करारी शिकस्त दी।
पाक पर पहले ही मिनट में गोल दागकर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रानी ने विरोधी टीम के हौंसले पस्त कर दिए। इसके बाद पाकिस्तान की टीम इस शुरुआती गोल से नहीं उबर पाई।
वहीं, यूपी की टीम पूरे मैच में हावी रही और पाकिस्तान पर एक के बाद एक गोल दागते हुए स्कोर आठ तक पहुंचाया।
जवाब में पाकिस्तान टीम कोई गोल नहीं कर सकी।
यूपी के आगे इस तरह बेबस हुआ पाकिस्तान
दिन का दूसरा मैच पाकिस्तान और यूपी इलेवन के बीच हुआ। वर्ल्ड कप की खिलाड़ी रानी ने पहला गोल पहले मिनट में दागा।
इसके बाद यूपी की टीम ने पाक पर हमले शुरू कर दिए। दूसरा गोल 12वें मिनट में मलकीत ने किया। तीसरा गोल 16वें मिनट में नवजोत, चौथा गोल 30वें मिनट पर रीना ने, 5वां गोल 31 वें मिनट में रितू ने किया।
इसके बाद छठा व सातवां गोल 33 व 53 वें मिनट में नवनीत ने किया। मैच का अंतिम गोल 64 वें मिनट में रितू ने किया और मैच जीत लिया।
हरियाणा ने एमपी को हराया
दिन के एक अन्य मैच में हरियाणा ने एमपी अकादमी को 5-0 से शिकस्त दी। ‘अमर उजाला’ इस टूर्नामेंट का मीडिया प्रायोजक है।
हरियाणा ने एक के बाद एक गोल कर इस मैच में एमपी अकादमी को 5-0 से करारी मात दी। पहला गोल तीसरे मिनट में देविका ने किया।
दूसरा गोल 20 मिनट में वंदना, तीसरा गोल 21 मिनट में नेहा, चौथा गोल 45 मिनट में मोनिका और 55 मिनट में देविका ने बेहतर प्रदर्शन की पांचवां गोल दागा और मैच अपने नाम कर लिया। शनिवार के मैच हिमाचल व हरियाणा और पाकिस्तान व डीसी अकादमी के बीच होंगे।
पाक खिलाड़ी बोली, एबटाबाद की तरह है सोलन
हॉकी टूर्नामेंट खेलने सोलन आई पाकिस्तान की हॉकी महिला टीम ने कहा कि खूंखार आतंकी बिन लादेन को पनाह देने वाला एबटाबाद शहर सोलन की तरह दिखता है। मई में हल्की ठंड और पहाड़ों की नजदीकियां कहीं न कहीं एबटाबाद की तरह हैं।
पाकिस्तान पंजाब महिला हॉकी एसोसिएशन की महासचिव और मैनेजर राहत खान ने सोलन की सुंदरता की तुलना एबटाबाद से की। पाक टीम का सोलन पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया था।
महिला खिलाड़ियों ने कहा कि उन्होंने शिमला का नाम काफी सुना है। अफसोस शिमला जाने की इच्छा पूरी नहीं हो सकेगी। उनकी इच्छा शिमला जाने की है, लेकिन खिलाड़ियों के लिए पाकिस्तान से सोलन तक का वीजा ही पास हुआ है। ऐसे में इतना नजदीक होने के बावजूद वे इस मौके से चूक जाएंगी। ये महिला खिलाड़ी लाहौर, फैसला बाद, गुजरा, बेहाड़ी, मुलतानपुर और भवलपुर की रहने वाली है।