केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल शनिवार को पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल ट्रैक का निरीक्षण करेंगे। 29 दिसंबर को उनका जोगिंद्रनगर दौरा प्रस्तावित है। केंद्रीय मंत्री पपरोला से जोगिंद्रनगर तक का रेल सफर भी करेंगे। पठानकोट से जोगिंद्रनगर रेल की गति बढ़ाने की प्रस्तावित योजना पर चर्चा करेंगे। इस निरीक्षण से पहले सहायक मंडलीय रेल प्रबंधक (जम्मू) रमणीक सिंह ने पालमपुर से जोगिंद्रनगर तक रेल का सफर कर ट्रैक जांचा।
वे पठानकोट से जोगिंद्रनगर तक चलने वाली रेलगाड़ी के साथ एक विशेष कोच में जोगिंद्रनगर पहुंचे। अंग्रेजों के समय से चलाई गई पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल को जोगिंद्रनगर पहुंचने में मौजूदा में लगभग नौ घंटे लगते हैं। दिसंबर की शुरुआत में केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ इस रेललाइन का हवाई सर्वेक्षण करने के पश्चात धर्मशाला में पत्रकार वार्ता में इस रेललाइन पर चलने वाली रेलगाड़ी की गति में सुधार कर यह दूरी 6 घंटे में तय करने के निर्देश रेलवे अधिकारियों को दिए थे।
इस पर रेलवे ने रेल ट्रैक पर एक तीव्र गति की रेलगाड़ी चलाने की कवायद तेज कर दी है। पठानकोट से जोगिंद्रनगर तक चलने वाली इस रेलगाड़ी को चुनिंदा स्टेशनों पर रुकने की व्यवस्था रहेगी। यह रेलगाड़ी पठानकोट से जोगिंद्रनगर तक का सफर लगभग छह घंटे में पूरा करेगी। इस तीव्र गति की रेल गाड़ी के चलने से स्थानीय लोग भी बेहद उत्साहित हैं।