मंडी जिले में बेरोजगारी भत्ता ले रहे 5500 लाभार्थियों में से 5000 के बेरोजगारी भत्ते पर रोक लगा दी गई है। इस माह इन लाभार्थियों को यह भत्ता नहीं मिलेगा। अप्रैल में सी फार्म जमा न करने पर भत्ते पर रोक लगाई गई है। सी फार्म हर साल अप्रैल माह में जमा किया जाता है। जिले में कुल 5500 लाभार्थी बेरोजगारी भत्ता ले रहे हैं। इनमें से करीब 500 लाभार्थियों ने ही सी फार्म जमा करवाए हैं।
जिला रोजगार कार्यालय से ऐसे लाभार्थियों को जल्द सी फार्म जमा करवाने की हिदायत दी है, अन्यथा रोक जारी रहेगी। ऐसे में बेरोजगारी भत्ते की उम्मीद लगाए बैठे हजारों लाभार्थियों पर उनकी यह भूल भारी पड़ने वाली है। जिन लाभार्थियों ने सी फार्म जमा नहीं करवाया है, वह जिला रोजगार कार्यालय से फार्म लेकर जमा करवा सकते हैं।