प्रदेश में आधार कार्ड अपग्रेडेशन करने में ओवरचार्जिंग करने वाले ऑपरेटर ब्लैक लिस्ट होंगे। केंद्र सरकार ने आधार नंबर अपग्रेड करने के लिए टैक्स सहित कुल 30 रुपये की फीस तय की है लेेकिन कुछ केंद्रों में ज्यादा राशि वसूली जा रही है।
विज्ञापन
यूआईडीएआई के पास इस बाबत शिकायतें पहुंची हैं। ऐसे में अब यूआईडीएआई ने अपग्रेडेशन करवाने वाले लोगों को फोन कर इस बाबत जानकारी जुटाने का फैसला लिया है। यूआईडीएआई की डिप्टी डायरेक्टर जनरल भावना गर्ग ने बताया कि ओवरचार्जिंग करने वालों को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा।
उन्होंने आधार की मशीनों को बैंकों से बाहर ले जाने से भी मना किया है।हिमाचल में आधार कार्ड बनाने और अपग्रेड करने के लिए कुल 168 सेंटर बैंकों द्वारा खोले जाने थे। लेकिन अभी 126 केंद्र ही खुले हैं।
विज्ञापन
इसके अलावा डाक विभाग द्वारा 102 अलग से केंद्र खोले गए हैं। वर्तमान में कुल 228 केंद्रों में आधार कार्ड बनाए और अपग्रेड किए जा रहे हैं। यूआईडीएआई की डिप्टी डायरेक्टर जनरल भावना गर्ग ने सभी बैंकों को आधार केंद्र खोलने के आदेश दिए हैं।