उपमंडल अंब की राजपुर जसवां पंचायत के जम्मन कवाली गांव को कोरोना हॉटस्पॉट क्षेत्र से बाहर कर दिया है। उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि 18 अप्रैल को कोरोना संक्रमित रोगी का पता चलने के बाद गांव को हॉटस्पॉट घोषित किया था। इसके बाद कोविड-19 संक्रमित रोगियों के संपर्क में आए सभी लोगों की निगरानी और टेस्ट किए गए। 28 दिन तक इलाके में कोरोना संक्रमण का कोई केस सामने नहीं आया है। डीसी ने कहा कि 28 दिन तक नया मामला सामने न आने के चलते जिला सतर्कता अधिकारी ऊना ने गांव को 16 मई से हॉटस्पॉट क्षेत्र से बाहर करने की अनुशंसा की है।
उन्होंने बताया कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत गांव को निगरानी में रखा गया है। साथ ही ग्रामीणों को सामाजिक दूरी बनाए रखना, हाथों को बार-बार धोना, मास्क लगाना इत्यादि हिदायतों की अनुपालना पहले की भांति सुनिश्चित करनी होगी। डीसी ने बताया कि जम्मन कवाली गांव को भी अब सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी जाएगी।