फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: रोहड़ू में 83 ग्राम चिट्टे के साथ दो तस्कर दबोचे, 33 दिन में 75 तस्कर किए गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
रोहड़ू के मेहंदली के पास पुलिस टीम की कार्रवाई, पंजाब के मोगा से नशे की खेप लेकर बेचने आए थे शिमला
विज्ञापन

इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने की मशीन भी बरामद
कब्जे में ली नशा तस्करी में इस्तेमाल की गई गाड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पुलिस ने जिले के रोहड़ू क्षेत्र में 83 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब के मोगा के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रोहड़ू के मेहंदली से दोनों आरोपियों को दबोचा है।
दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर गिरफ्तार कर लिया है। शिमला पुलिस ने नए साल पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए विशेष अभियान में महज 33 दिन में 75 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक स्थानीय पुलिस ने सूचना के आधार पर देर रात 2:30 बजे इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। आरोपियों में जशनदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह निवासी गांव फूलेवाला, तहसील बाग्घापुराना जिला मोगा पंजाब शामिल हैं। गाड़ी की तलाशी के दौरान 83 ग्राम चिट्टे के साथ इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने की छोटी मशीन भी बरामद की है। चिट्टे की यह खेप इस साल की सबसे अधिक है।
विज्ञापन


पुलिस ने नशा तस्करी में इस्तेमाल होने वाली गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रोहड़ू-चिड़गांव क्षेत्र में चिट्टे की खेप पहुंचाने की फिराक में थे लेकिन इससे पहले ही पुलिस की टीम ने दोनों को दबोच लिया। इससे पहले भी रोहड़ू पुलिस ने पिछले साल करीब 238 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब के ही आरोपियों को गिरफ्तार किया था। नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस नए साल से ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। शिमला में भी रविवार रात को पुलिस ने न्यू टुटू में एक घर में दबिश देर युवती समेत चार लोगों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इसके साथ ही कुमारसैन में भी एक आरोपी को चिट्टे के साथ दबोचा था।


पंजाब के तस्कर और सप्लायर भी दबोचे
नए साल में चिट्टा तस्करी का नेटवर्क तोड़ने के लिए शिमला पुलिस की टीम मिशन मोड पर काम कर रही है। इसमें अभी तक पंजाब के तस्करों समेत जिले में पकड़े जाने वाले नशा तस्करी के मामलों की जांच में सप्लायरों की पहचान करने के बाद उन्हें उनके ठिकानों से दबोचा जा रहा है। यही नहीं नशा तस्करी में संलिप्त पुलिस कर्मियों को भी पुलिस की टीम ने सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इस साल के बड़े मामलों की बात करें तो ढली में पुलिस ने एक घर में दबिश देकर 50 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा ठियोग, रामपुर, रोहडू़, शिमला समेत अन्य क्षेत्रों में भी पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन की टीमें सूचना के आधार पर नशा तस्करी का नेटवर्क तोड़ने के लिए दिन रात कार्रवाई कर रही है। इस साल पुलिस ने जिले में नशा तस्करी के 40 मामले दर्ज किए हैं और इन मामलों में 75 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।



सौ नशा तस्करों की पहचान, 11 भेजे जेल
एक तरफ जिला पुलिस की टीम नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है तो वहीं दूसरी ओर बार-बार नशा तस्करी में पकड़े जाने वाले आरोपियों के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत जांच अमल में लाई जा रही है। इस अधिनियम के तहत ऐसे आदतन तस्करों को सीधे जेल भेजने का प्रावधान है, जोकि कई बार पकड़े जाने के बावजूद नशा तस्करी में संलिप्त पाए जा रहे हैं। पुलिस ने ऐसे 100 आरोपियों की पहचान कर ली है और 40 लोगों की फाइलें तैयार कर ली हैं। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद ऐसे 11 आदतन तस्करों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। ऐसे आरोपियों को तीन महीने के लिए जेल भेजा जाता है और इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। पुलिस के मुताबिक अब नशा तस्करों पर इस अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करके नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने और युवाओं को नशा माफिया के चंगुल में फंसने से बचाने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन





कोट
जिला पुलिस ने रोहड़ू में 83 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। नशा तस्करों के खिलाफ अब पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। नशा तस्करी करने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा चाहे वह पुलिस कर्मी ही क्यों न हो।
-संजीव कुमार गांधी, डीआईजी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें