चौपाल-शिमला मार्ग पर चौपाल से करीब 6 किलोमीटर दूर ओखटा ढांक के समीप एक बोलेरो कैंपर के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचा दिया है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो कैंपर चौपाल से छैला की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन चौपाल से करीब छह किलोमीटर दूर ओखटा ढांक के पास पहुंचा तो करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
इस हादसे में रोहित पुत्र वेद प्रकाश गांव और डाकघर क्यार तहसील ठियोग (19 वर्ष) अंकित शर्मा पुत्र शिव दत्त ग्राम वीरगढ़ डाक घर क्यार तहसील ठियोग (19 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई ।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एएसआई वीरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों को सिविल अस्पताल चौपाल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
डीएसपी चौपाल संतोष शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। इस संबंध में कार्यकारी एसडीएम चौपाल रघुवीर सिंह ने सिविल अस्पताल चौपाल पहुंच कर मृतक के परिवारजन को दस-दस हजार बतौर फौरी राहत प्रदान की है।