वहीं, दूसरी तरफ हिमाचल के लिए दूसरे दिन भी राहत की खबर रही। नालागढ़ से लाकर आईजीएमसी शिमला अस्पताल में भर्ती किए गए कोरोना पॉजिटिव तीनों जमातियों की शुक्रवार को सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई है। आईजीएमसी में भर्ती जमातियों के इससे पहले स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल तीन अप्रैल को शिमला भेजे थे।चार अप्रैल को जांच के बाद तीनों में कोविड-19 के लक्षण पाए गए, जिसके बाद इन्हें आईजीएमसी लाया गया था।
प्रशासन ने दिल्ली के मरकज से लौटे इन जमातियों के संपर्क में आए 100 से अधिक लोगों को चिह्नित क्वारंटीन किया था। तीनों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर बीबीएन समेत पूरे जिले ने राहत ली है। वहीं टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती ऊना के भी तीनों जमातियों की सैंपल रिपोर्ट दूसरी बार निगेटिव आई। इन्हें शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। इसकी पुष्टि मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने की। टांडा में भर्ती जमातियों में से दो मंडी शहर के हैं और एक सुंदरनगर का रहने वाला है।