हिमाचल के पौंग बांध क्षेत्र में बर्ड फ्लू से शनिवार को दो और प्रवासी पक्षियों की मौत हो गई है। बर्डफ्लू से मरने वाले ये दोनों पक्षी बार हैडिड गीज प्रजाति के बताए जा रहे हैं। प्रधान मुख्य अरण्यपाल अर्चना शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। लगातार 11वें दिन यहां बर्ड फ्लू से मरने वाले पक्षियों की संख्या दस से कम रही है।
पौंग बांध वन्य जीव अभयारण्य में अब तक कुल 4991 प्रवासी पक्षियों की मौत हो चुकी है।
उधर, पौंग बांध के साथ लगते क्षेत्र में शनिवार को चार और कौवों की बर्ड फ्लू से मौत हो गई। जिले में अब स्थानीय पक्षियों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 229 पहुंच गया है। इसकी पुष्टि पशुपालन विभाग के जिला कांगड़ा के उप-निदेशक डॉ. संजीव धीमान ने की है।