शिमला के आईजीएमसी में बुधवार को पीलिया से दो और महिलाओं की मौत हो गई। एक महिला की उम्र 33 साल है। बताया जा रहा है कि कमला नाम की महिला को कुछ दिनों पहले ही कोटखाई से आईजीएमसी रेफर किया गया था। अस्पताल में महिला मेडिकल यूनिट में उपचार चल रहा था।
वहीं, रिपोर्ट में सामने आया कि महिला को हेपेटाइटिस-ई था। इससे महिला की मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक डिलीवरी के दौरान महिला के पेट में नवजात की मौत हो गई थी। महिला की गंभीर हालत देखते हुए उसे आईजीएमसी रेफर किया गया था।
वहीं अस्पताल में महिला की दोपहर बाद पीलिया से मौत हो गई। इधर, अस्पताल में ही सुबह नौ बजे सिरमौर के पच्छाद की रहने वाली ममता (33) की भी पीलिया से मौत हो गई। ये आईसीयू में भर्ती थी। इसे हेपेटाइट्स-ई था। इसकी लीवर फेल होने से मौत हो गई।
सरकारी साइट पर पीलिया से होने वाली मौतों का आंकड़ा ग्यारह है लेकिन अभी तक सोलह से भी ज्यादा मौतें पीलिया रोग से हुई है। उधर, स्टेट सर्विलेंस ऑफिसर डा. राकेश रोशन भारद्वाज ने बताया कि अस्पताल की ओर से अब तक उन्हें कोई सूचना नही मिली है। वीरवार को ही इस मामले में स्थिति स्पष्ट कर पाएंगे।