हिमाचल के हमीरपुर के बाइपास के पास वीरवार देर रात को हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक एक शादी समारोह में शिरकत करने के बाद नैनो कार से घर वापस लौट रहे थे। दोनों युवकों में से एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दूसरे युवक ने टांडा में जाकर अंतिम सांस ली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब सवा बारह बजे तेज रफ्तार से आ रही नैनो कार पुल की रेलिंग से टकरा गई। इसमें सवार 32 वर्षीय नीरज राणा पुत्र सुरेंद्र राणा निवासी लोहरड़ा की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं दूसरे 22 वर्षीय युवक राहुल राणा पुत्र मनोहर लाल को गंभीर चोटें आई जिसे क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर लाया गया। लेकिन हालत में सुधार न होने पर डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल टांडा रेफर किया गया, जहां पर उसने भी दम तोड़ दिया।
दोनों युवक एक ही गांव लोहारडा के निवासी थे। नीरज राणा अवाहदेवी स्थित एक सरकारी बैंक में कार्यरत था और अपने घर का इकलौता चिराग था। हालांकि उसकी बहन भी बताई जा रही है, जिसकी शादी हो चुकी है। राहुल राणा आईटीआई का प्रशिक्षु था।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला दर्ज किया और शवों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उधर, एसएचओ हमीरपुर कुलदीप कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है।