हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के बायल गांव में घर पर चट्टान गिरने से एक 22 साल की महिला और उसकी 14 दिन की नवजात शिशु की मौत हो गई है। बायल पंचायत प्रधान मीनाक्षी नेगी ने बताया कि सोमवार को भारी बरसात के कारण बायल गांव निवासी 22 वर्षीय रीता देवी अपने 14 दिन के शिशु सहित अपनी सास, ससुर और जेठ के साथ रसोईघर में बैठे थे।
सोमवार दोपहर को भारी बारिश के कारण एक विशालकाय चट्टान इनके घर के ऊपर आ गिरी। परिवार के बाकी लोग इस घटना से सुरक्षित बच गए, लेकिन चट्टान की चपेट में 22 साल की महिला रीता देवी और उसकी नवजात शिशु आ गया। चट्टान की चपेट में आने से इनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के बाद प्रशासन को सूचित किया गया। खबर मिलते ही कार्यकारी एसडीएम एवं तहसीलदार निरमंड सूरत सिंह नेगी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। डीएसपी सुरेश चौहान ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस को मौके पर रवाना कर दिया गया है।