ठियोग के एक ढाबे दो किलो अफीम बरामद
शिमला। राजधानी से सटे उपमंडल ठियोग में शिमला की एसआईयू (स्पेशल इनवेस्टिगेशन यूनिट) ने एक ढाबे से 2 किलो 100 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने अफीम को कब्जे में लेकर ढाबा मालिक निशांत वर्मा (24) ठियोग निवासी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक आरोपी ढाबे में आने-जाने वाले वाहन चालकों को नशे की डोज बेचता था। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक एसआईयू प्रभारी अंबी लाल राणा के नेतृत्व में टीम ने मिार्ग पर ढाबे में दबिश देकर अफीम की खेप पकड़ी। सूचना मिली थी गलरीन गली में ढाबे में नशीले पदार्थ का कारोबार हो रहा है। इस पर एसआईयू टीम के सदस्य राहुल, जोगेश्वर, ललित और सुनील ने ढाबे में तलाशी अभियान चलाया। टीम की नजर फर्श पर पड़ी हल्की दरारों पर पड़ीं। इसके ऊपर टेबल पर टीवी लगाया था।
टेबल को फर्श से हटाया तो सभी लोग हैरान रह गए, टाइल के नीचे एक बॉक्स छुपा कर रखा था। इसे खोलकर चेक किया तो इसमें अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अफीम की सप्लाई नेपाल से आई थी। एएसपी प्रवीर ठाकुर ने बताया कि आरोपी को अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। मामले की तफ्तीश जारी है।