चंडीगढ़-पांवटा नेशनल हाईवे पर हरियाणा रोडवेज की बेकाबू बस ने कोहराम मचा दिया। नाहन से पांवटा जा रही बस बेकाबू हो गई और कटासन माता मंदिर के समीप तीन कारों को रौंध डाला। दो कारों को बस से सीधा टक्कर लगी, जबकि तीसरी कार को बस की टक्कर से खिसकी अन्य कार से टक्कर लगी। इस हादसे से कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पांच लोग नाहन मेडिकल कॉलेज में दाखिल किए गए हैं, जबकि एक को पीजीआई के लिए रेफर किया गया। हालांकि, हादसे की वजह का खुलासा बस की मेकेनिकल जांच के बाद ही चलेगा, लेकिन बताया जा रहा है कि बस की ब्रेक फेल होने की वजह से यह हादसा पेश आया। घटना के बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे चंडीगढ़ से निकली बस नाहन होते हुए पांवटा जा रही थी। कोलर के निकट कटासन माता मंदिर के समीप बस अचानक बेकाबू हो गई। बेकाबू होकर तेज गति से चल रही बस ने सड़क पर चल रही दो कारों को टक्कर मार दी, जबकि एक अन्य कार को भी टक्कर लगी। एक गाड़ी बूरी तरह से चकनाचूर हो गई है। हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।