घर के लिए लाल मिट्टी निकाल रहे दो युवकों पर पहाड़ी का मलबा गिरने से दोनों की दबकर मौत हो गई। यह घटना हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के करसोग उपमंडल की ग्राम पंचायत नांज की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
वहीं, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान मोहम्मद अली (23) पुत्र गुलजार गांव नांज और सादिक (23) पुत्र शुक्रद्दीन गांव नांज के रूप में हुई है। दोनों पड़ोसी हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नांज में एक पहाड़ी के नीचे दोनों घर के लिए लाल मिट्टी खोद रहे थे। उसी समय पहाड़ी दरकी और दोनों मिट्टी के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी।
वहीं, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को निकालकर अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमॉर्टम करवाने के उपरांत परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उधर, मामले की पुष्टि करसोग के डीएसपी अरुण मोदी ने की है। उन्होंने बताया है कि मिट्टी के नीचे दबने से दोनों युवकों की मौत हुई है।