मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर भुंतर के समीप शाढ़ाबाई में बाइक व ट्रक की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एनएच-21 पर बाइक सवार दो युवक भुंतर की ओर और ट्रक मंडी की तरफ जा रहा था।
इस बीच भुंतर के शाढ़ाबाई में दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान विशाल वर्धन (19) पुत्र प्रीतम सिंह गांव वाड़ीचौक निवासी घुमारवीं बिलासपुर और शक्ति कुमार (20) निवासी नेपाल के तौर पर हुई है।
आरोपी ट्रक चालक की पहचान मंडी जिला के सरकाघाट के गोपालपुर निवासी राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। भुंतर थाना के एएसआई राम लाल मामले की जांच कर रहे हैं।
भुंतर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279 व 304ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं एएसपी कुल्लू निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।