संजौली में पुराने भवन से गिर रहे पत्थर, एक भवन को खोदाई से पैदा हुआ खतरा
मेयर, पार्षद और अफसरों ने किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में कड़ाके की ठंड के बीच संजौली क्षेत्र में बने दो भवनों में रह रहे कई परिवारों के बेघर होने की नौबत आ गई है। इनमें एक पुराने भवन की दीवारें ढह रही हैं तो दूसरे के आंगन में दरारें पड़ गई हैं। एक भवन में न सिर्फ लोग रह रहे हैं बल्कि दुकानें भी चल रही हैं।
इंजनघर पार्षद आरती चौहान की शिकायत पर शुक्रवार को नगर निगम महापौर सत्या कौंडल ने अधिकारियों के साथ मौके का दौरा किया। पार्षद के अनुसार संजौली चौक के पास बाजार में बने पुराने भवन की दीवारों से पत्थर निचली ओर बने भवनों पर गिर रहे हैं। इससे घरों को नुकसान हो रहा है। यह क्षेत्र इंजनघर वार्ड में आता है। भवन के निचली मंजिलों में आवास है जबकि ऊपरी मंजिलों में दुकानें चल रही हैं। निगम वास्तुकार देवेंद्र मिस्टा और उनकी टीम ने इसका निरीक्षण किया और पाया कि यह भवन काफी जर्जर हो चुका है। इसे अब खाली करवाने की तैयारी है।
वास्तुकार के अनुसार यह भवन असुरक्षित हो चुका है। शनिवार को इस बारे में नोटिस भी जारी किए जाएंगे ताकि इसे खाली करवाया जा सके। यह काफी पुराना भवन है और इससे गिर रहे पत्थर निचली ओर बने भवनों के लिए खतरा है। मेयर सत्या कौंडल ने कहा कि संजौली बाजार में बना यह भवन खस्ताहाल हो चुका है। देखा जाएगा कि इसे बचाया जा सकता है या नहीं। इसके मालिक को भी इसकी सूचना दे दी है। निगम की तकनीकी टीम इस मामले में जरूरी कार्रवाई करेगी।
नार्थओक में भी भवन
खाली करने के निर्देश
संजौली वार्ड के नार्थओक इलाके में गलत कटिंग के चलते साथ लगते एक अन्य भवन को खतरा पैदा हो गया है। इस भवन को भी खाली करने को कह दिया है। निगम टीम ने शुक्रवार को इस क्षेत्र का दौरा किया। नगर निगम के अनुसार निचली ओर जमीन पर गलत खुदाई के चलते इस भवन के आंगन में दरार आ गई है। इसे एहतियात के तौर पर खाली करने को कहा है। खुदाई का काम कर रहे व्यक्ति को तुरंत काम बंद कर दूसरे भवन को बचाने के लिए डंगा (ब्रेेस्ट वॉल) लगाने को कहा है।