मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि प्रदेश में भाजपा की भी सरकार रही है। शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल दो-दो बार मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने अपनी सरकार के समय बेरोजगारी भत्ता देने के बारे में क्यों नहीं सोचा?
अब जब हम इस बारे में सोच रहे हैं तो भाजपा को दिक्कत क्यों हो रही है? सोमवार को होटल ट्रिपल एच में कार्यक्रम के बाद अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा की चार्जशीट एक प्रोपोगैंडा है।
हमने स्वच्छ सरकार दी है। चार्जशीट देना भाजपा की आदत बन गई है। इससे वह शोरशराबा करते हैं। प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 58 से 60 साल करने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अभी इस पर कोई फैसला नहीं लिया है।
बजट में प्रदेश की जनता को क्या तोहफे मिलेंगे? इस पर मुस्कुराते हुए कहा कि वेट एंड सी। उन्होंने कहा कि मंडी में मेडिकल विश्वविद्यालय बनने से सरकार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। प्रदेश में पर्याप्त मेडिकल कॉलेज हैं। ऐसे में मेडिकल विश्वविद्यालय का बनना जरूरी है।