जाखू और बैनमोर जैसे वार्डाें में देरी से होगी टारिंग
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में लगातार जारी भारी बारिश के कारण खस्ताहाल सड़कों की टारिंग लटक गई है। नगर निगम ने मई के पहले हफ्ते से शहर में टारिंग शुरू करने की योजना बनाई थी। लेकिन बारिश के कारण कार्य लटक गया। अब तापमान घटने के कारण जाखू, बैनमोर जैसे वार्डाें में टारिंग का काम एक से दो हफ्ते के लिए लटक गया है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार पिछले साल अवार्ड किए गए टेंडर के तहत शहर के कई वार्डाें में सड़कों की टारिंग होनी है। लेकिन बारिश के कारण अब तापमान कम हो गया है। ऐसे में अभी टारिंग शुरू नहीं हो सकती। शहर के निचले इलाकों में भी मौसम खुलने के बाद ही टारिंग हो पाएगी। आने वाले एक हफ्ते में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में नगर निगम ने भी बारिश बंद होने और मौसम खुलने के बाद ही टारिंग का काम शुरू करने का फैसला लिया है। शहर के जाखू, कनलोग, सांगटी, मल्याणा, पटयोग, न्यू शिमला, भराड़ी, रामनगर क्षेत्र में सड़कों की हालत खस्ता है। नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली का कहना है कि मौसम खुलते ही शहर में टारिंग शुरू कर दी जाएगी।