गुम्मा के पास सेब से लदा ट्रक टौंस नदी में समा गया। नदी में गिरे ट्रक का चालक लापता है। हादसे से पहले ट्रक के पहिये में पत्थर लगाने के लिए उतरे सेब के व्यापारी और क्लीनर की जान बच गई है। देहरादून- मीनस मार्ग पर गुम्मा के पास हादसा हुआ है।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक रोहड़ू सब्जी मंडी से सेब की पेटियां लेकर पीलीभीत जा रहा था। रोहड़ू सब्जी मंडी से व्यापारी सेब खरीद कर पीलीभीत के लिए जा रहा था। गुम्मा के पास तकनीकी खराबी के कारण ट्रक रुक गया। ट्रक रुकने के बाद क्लीनर तथा सेब का व्यापारी टायर में पत्थर लगाने के लिए बाहर उतरे।
इसी बीच ट्रक करीब दो सौ मीटर नीचे टौंस नदी में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक चालक कुरान अली निवासी दसौंरी जिला मेरठ अभी तक लापता है। सूचना के बाद नेरवा पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है।
नेरवा पुलिस के थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि सेब की पेटियां तथा ट्रक पूरा टौंस नदी में गिरा है। उन्होंने कहा ट्रक में सवार चालक का पता नहीं चल रहा है। स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस चालक की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा चालक के टौंस नदी में बहने की आशंका है।