अर्की के पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा ने कहा कि शिमला के सांसद सुरेश कश्यप 27 जनवरी को मंडल भाजपा अर्की के साथ ट्रक ऑपरेटरों के पक्ष में दाड़लाघाट में धरना-प्रदर्शन में मौजूद रहेंगे। दाड़लाघाट में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा ट्रक ऑपरेटरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने सीमेंट विवाद हल न करने पर सरकार पर निशाना साधा। कहा कि प्रदेश में अंबुजा व एसीसी प्लांट पर ताले लगे काफी समय हो गया है, लेकिन अभी इस मसले का हल नहीं निकला है। इससे हजारों लोगों का व्यवसाय खत्म हो गया है। ट्रक ऑपरेटरों के लिए किस्त देना मुश्किल हो गया है। टायर पंचर की दुकान से लेकर ढाबे और अन्य कारोबार करने वाले लोगों को जीवनयापन करना मुश्किल हो चुका है। सरकार बने हुए एक माह का समय हो गया है, लेकिन सरकार इस मसले को हल करवाने में विफल रही है। सरकार जल्द मामले की गंभीरता से समझे और सीमेंट कंपनियों के साथ बातचीत कर लोगों के रोजगार संकट को खत्म करें।